कोठी (बाराबंकी)। पेड़ के नीचे सो रही चार माह की मासूम बच्ची की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। पिता ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
कोठी थाना क्षेत्र के कलापुर मजरे अलुवामऊ गांव निवासी सुनील रावत की पत्नी शिवानी चार माह की मासूम बेटी कुसुम को लेकर शनिवार को खेत में काम के लिए गए थी। शिवानी ने बच्ची को एक आम के पेड़ के नीचे सुला दिया। इसके बाद वह खेत में काम करने लगी। इस बीच आलुवामऊ गांव के निवासी राजू वर्मा खेत से ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था, तभी पेड़ के नीचे सो रही बच्ची के सिर पर ट्रैक्टर चढ़ गया, जिससे दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता सुनील व उसकी पत्नी शिवानी बच्ची का शव लेकर थाने पहुंचे और चालक पर लापरवाही से ट्रैक्टर चढ़ाकर बेटी को मारने आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आरपी रावत ने बताया पिता की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।