रायबरेली। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में विवाहिता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युुवक घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव निवासी अशोक कुमार श्रीवास्तव (42) पुत्र कृष्णानंद शुक्रवार को महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के भतीजेपुर गांव में रिश्तेदारी में बाइक से गया था। रात करीब नौ बजे वह वहां से अकेले ही घर के लिए निकला। वह जैसे ही वह हैदरगढ़ रोड हलोर पहुंचा कि गऊ घाट चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। काफ ी देर तक वह मौके पर ही पड़ा रहा। राहगीरों ने गश्त पर निकली पुलिस को सड़क पर पडे़ बेहोश बाइक सवार की सूचना दी। पुलिस ने उसे सीएचसी महराजगंज पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, सतांव प्रतिनिधि के मुताबिक गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के बांस गांव की रहने वाली पिंकी (24) पत्नी मनीष सिंह की शादी चार माह पहले हुई थी। भइया दूज पर भाई अवनीश (22) के साथ बाइक से मायके आशा रसीदपुर थाना डीह जा रही थी। वह क्षेत्र के बाजपेयी का पुरवा मजरे केलौली पहुंचे थे कि पीछे से ओवरटेक कर रहे ट्रैक्टर को उसके पीछे लगे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बगल में चल रहा अवनीश गाड़ी सहित ट्रैक्टर के नीचे आ गया, जिससे अवनीश और उसकी बहन पिंकी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पिंकी की मौत हो गई। एसओ विनोद सिंह ने बताया कि ट्रक और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। तहरीर पर केस दर्ज किया जाएगा।
खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक नया तारा मजरा जेरी गांव की रहने वाली अनीता ने शुक्रवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि पति बुद्धीलाल (30) साइकिल से खीरों जा रहे थे। गांव से बाहर किसी अज्ञात वाहन ने पति को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर पति को जिला अस्पताल के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान बुद्धीलाल की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर लिया है। उधर, अहिलवा मजरे दुकनहा निवासी राजपाल यादव (28) पुत्र सहदेव यादव शनिवार सुबह लगभग दस बजे गांव के सामने सड़क पर घूम रहा था। सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी. जिससे राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ संजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।