न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Tue, 05 Jan 2021 09:42 AM IST
भगोड़े आईपीएस अफसर अरविंद सेन पर सोमवार को इनामी राशि बढ़ाकर दोगुनी कर दी गई। अब वह 50000 रुपये के इनामी हो गए हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि आईपीएस की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
इससे पूर्व न्यायालय से भगोड़ा घोषित अरविंद के गोमतीनगर के विराटखंड और अयोध्या स्थित आवास पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर डुगडुगी पिटवाई गई थी। बीते सप्ताह अरविंद की लोकेशन बाराबंकी टोल गेट पर मिलने से सतर्क पुलिस ने वहां घेराबंदी की, लेकिन उनका पता नहीं चला।
मालूम हो कि इंदौर के कारोबारी मंजीत सिंह भाटिया से पशुपालन विभाग में ठेका दिलाने के नाम पर 10 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप में कथित पत्रकार एके राजीव, आशीष राय, अनिल राय, पशुधन विकास मंत्री के प्रधान निजी सचिव रजनीश दीक्षित, सचिवालय के संविदाकर्मी धीरज, रूपक राय, उमाशंकर तिवारी समेत कई लोगों पर हजरतगंज कोतवाली में केस दर्ज कराया गया था। जांच में आईपीएस अरविंद सेन, सिपाही दिलबहार सिंह यादव और अमित मिश्रा का नाम भी सामने आया था।