खाटू श्याम बाबा के जयकारों की एक शाम सदर बाजार में सजी। जयकारा लगाते भक्तों ने तीन बाण वाले बाबा को 56 भोग लगाया और फूलों की बरखा में बाबा संग खूब भीगे।
श्री श्याम युवा मंच की ओर से संस्कृत पाठशाला डिग्री कॉलेज में कुंतल भर से ज्यादा फूलों से सजे बाबा क दर्शनों को भक्त देर रात तक डटे रहे।
बाबा के भजनों के गुणगान के लिए मथुरा बरसाने से आए राधामाध्व दल ने ′तेरी बिगड़ी बना देगी चरण रज खाटू वाले की.., कई जन्मों से बुला रहे हैं बाबा, रिश्ता जरूर होगा से भक्तों को झुमाया।
खलीलाबाद से आए गुणगानकर्ता हरविंदर सिंह ने ′दे इतना सांवरे सलोने मुझे दे इतना कि सबके काम आऊं मैं भी मौज उड़ाऊं..′ से बाबा का बखान किया।
नानपारा से कुमार सानू ने बाबा का जैकारा लगाया तो गदगद भक्त उनक संग झूमते रहे। दिल से जयकारा बोलो संकट में भी न डोलो.., पकड़ेगा तेरा हाथ सांवरा बढ़कर के आएगा मेरा श्याम.. सुनाकर धूम मचाई।
गुणगान के दौरान 56 परिवारों ने एक-एक कर बाबा को घर से पका कर लाए 56 भोग लगाया। कुंतलों फूलों से बाबा का श्रृंगार, महाआरती के बाद भक्तों ने बाबा का भोग चखा।