न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Wed, 26 Dec 2018 12:13 PM IST
लखनऊ के हजरतगंज में तैनात दरोगा पर ठेले वाले ने जानलेवा हमला कर दिया। दरोगा मल्टीलेवल पार्किंग के पास अतिक्रमण हटवा रहे थे। पुलिस ने सख्ती की तो ठेले वाले की पत्नी ने टीम पर गर्म मोमोज फेंकना शुरू कर दिया। दरोगा की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी ठेले वाले को गिरफ्तार कर लिया गया।
हजरतगंज थाने केनरही चौकी में तैनात दरोगा जितेंद्र वर्मा के मुताबिक क्रिसमस से एक रात पहले बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए सड़क पर लगे ठेले व खोंमचे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। दरोगा के साथ पूरा दस्ता अभियान में शामिल था।
टीम सोमवार रात को हनुमान मंदिर के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास पहुंचा। वहां सड़क केदोनों तरफ चाट व मोमोज की दुकानें अवैध रूप से सज गई थी। यह देखकर दरोगा जितेंद्र वर्मा ने ठेले के मालिक मनोज जायसवाल को हटाने को कहा।
मनोज दुकान हटाने के बजाय पुलिस से उलझ गया। दरोगा का आरोप है कि जब थोड़ी सी सख्ती की तो मनोज ने उन पर हमला कर दिया। वहां मौजूद अन्य दरोगा बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी मनोज की पत्नी ने गर्म मोमोज उन पर फेंकना शुरू कर दिया।
ठेला संचालक ने अपने सिर पर किए कई वार
- फोटो : डेमो
पुलिस का कहना है कि खुद को फंसता देख ठेला संचालक ने अपने हेलमेट से सिर पर कई वार कर लिए। उसकी हरकत को देखकर मेफेयर रोड पर जाम लग गया। पुलिस दोनों को थाने लेकर जाने लगी। इसी बीच भीड़ जुटने लगी तो मनोज और उसकी पत्नी ने थाने पर जाने से इंकार कर दिया।
किसी तरह पुलिस आरोपी मनोज को जीप से थाने लेकर गई। प्रभारी निरीक्षक राधारमण सिंह के मुताबिक जितेंद्र वर्मा की तहरीर पर मनोज के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं प्रत्यक्षदशियों का कहना है कि ठेले वाले और उसकी पत्नी से पुलिस अभद्रता कर रही थी। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बीच सड़क पर मारपीट हुई। इसमें आरोपी सहित पुलिसकर्मियों को भी चोटे आई हैं।