भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली से पांच दिन पहले गिरफ्तार युवक के पास से रैली स्थलों का नक्शा व अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं।
उसकी पहचान बिहार के सीतामढ़ी के असगर के रूप में हुई है।
सोमवार को खुफिया एजेंसियों के अफसरों ने उससे गहन पूछताछ की।
खुफिया सूत्रों के अनुसार पटना में मोदी की रैली में हुए विस्फोट के फरार संदिग्धों के जो स्केच जारी हुए हैं, उनमें से एक का हुलिया असगर से मिल रहा है। बहराइच में मोदी की रैली 8 नवंबर को होनी है।
असगर को चेकिंग के दौरान पुलिस ने नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के पास से रविवार को दबोचा था। पुलिसकर्मी उसकी भाषा नहीं समझ पा रहे थे।
भाजपा की जमीन तैयार करने उतरेगा संघ
उसके बैग से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज मिलने पर उसे थाने में रखा गया। सोमवार को पहुंचे खुफिया एजेंसियों के अफसरों ने उसके बैग से एक नक्शा बरामद किया जिसमें मोदी की रैली स्थलों का ब्यौरा दर्ज है।
साथ ही बहराइच रैली का भी हवाला है। इसके अलावा मवेशियों की खरीदारी की रसीद व अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।
उसकी पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के मौला नगर बेलसर पचनौर निवासी असगर के रूप में हुई है। वह दिल्ली में सिलाई-कढ़ाई का काम करता था।
इस बीच, बिहार से आई उसकी मां और भाई ने असगर को विक्षिप्त बताया है।
उधर, एसपी मोहित गुप्ता का कहना है कि प्रथम दृष्टया असगर के विक्षिप्त होने का पता चला है लेकिन उसके पास आपत्तिजनक दस्तावेज कैसे पहुंचे, इसकी पड़ताल की जा रही है।
पैर में चोट के निशान, कटा है अंगूठा
असगर के पैर में घाव के गहरे निशान हैं। उसके दाहिने हाथ का अंगूठा भी कटा हुआ है।
खुफिया एजेंसियों के अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि पटना में हुए ब्लास्ट के दौरान संभवत: असगर घायल हुआ होगा। इसके बाद वह वहां से नेपाल फरार होने के इरादे से निकला है।
लखनऊ की अन्य खबरों के लिए देखें यहां