न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Updated Tue, 30 Jan 2018 08:40 AM IST
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय लखनऊ
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से नए सत्र 2018-19 की संबद्धता में फार्मेसी कॉलेजों की बहार रहेगी। विवि द्वारा नए सत्र की संबद्धता की एनओसी के लिए मांगे गए आवेदन पत्रों में सर्वाधिक (55 से अधिक) फार्मेसी कॉलेज खोलने के आए हैं। वहीं, राहत मिलने के बाद लगभग 10 मैनेजमेंट संस्थानों के भी आवेदन आए हैं। दूसरी ओर कई कॉलेजों ने चरणबद्ध बंदी व सीटें घटाने के भी आवेदन किए हैं।
बता दें, विवि ने नए सत्र में नए कॉलेज खोलने (सिर्फ फार्मेसी में), सीटें घटाने, क्रमिक बंदी आदि की एनओसी व संबद्धता के लिए आवेदन 17 जनवरी से शुरू किए थे। इसके लिए अंतिम तिथि 24 जनवरी रखी, लेकिन 24 जनवरी को ही एकेटीयू प्रशासन ने अपने संबद्धता आवेदन नियमों में थोड़ी राहत दी। उसने इंजीनियरिंग को छोड़कर अन्य स्ट्रीम के भी नए कॉलेज खोलने के आवेदन करने की अनुमति दी। आवेदन तिथि 28 जनवरी तक बढ़ा दी।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम तक 50 से अधिक फार्मेसी कॉलेज, 10 मैनेजमेंट कॉलेज और एक होटल मैनेजमेंट कॉलेज खोलने के लिए एनओसी के आवेदन आए हैं। जबकि क्रमिक बंदी के लिए अपेक्षा से कम लगभग दो दर्जन कॉलेजों के ही आवेदन आए हैं।
वहीं, कई इंजीनियरिंग कॉलेजों ने अपनी सीटें घटाने के लिए भी आवेदन किए हैं। रविवार देर रात तक आवेदन प्रक्रिया जारी रही। अब विवि प्रशासन सोमवार को बैठक कर इस पर निर्णय लेगा और अपनी रिपोर्ट शासन में देगा। इन कॉलेजों की एनओसी पर अंतिम मुहर शासन ही लगाएगा। दूसरी तरफ नए सत्र में संबद्धता रिन्यूवल के आवेदन आगे भी जारी रहेंगे।