राजनाथ सिंह भले ही मुस्लिमों से खुलकर अपने लिए वोट न मांग रहे हों, लेकिन उनके धर्मगुरुओं से मिलकर उन्होंने दुआ मांगने को जरूर कहा।
राजनाथ सिंह, महापौर दिनेश शर्मा व लालजी टंडन सोमवार को मौलाना कल्बे जव्वाद से मिलने उनके आवास पहुंचे। राजनाथ्ा ने मौलाना से दुआ करने की गुजारिश की वहीं मौलाना ने कहा कि हमारी दुआएं सब के साथ हैं।
मौलाना कल्बे जव्वाद के आवास पर भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मौलाना ने वक्फ संपत्तियों के मामलों के साथ दिल्ली में शाहे मरदां जोरबाग करबला के बारे में चर्चा की।
साथ ही मौलाना ने कहा कि वक्फ बोर्ड को सुन्नी वक्फ में मर्ज करने की कोशिश व गठन न होने से काफी शिया वक्फ को नुकसान हो रहा है। इस पर भाजपा नेताओं ने मौलाना को आश्वासन देते हुए कहा कि वे वक्फ संपत्तियों के लिए ठोस कदम उठाएंगे।
सोनिया ने पीएम पद की ताकत का लुत्फ लिया
राजनाथ सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी ने बिना जिम्मेदारी के पीएम के अधिकारों का एंज्वॉय करने से देश की छवि खराब हुई है।
इसके अलावा राजनाथ ने आज लखनऊ की जनता से बातचीत की और वादे किए। भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह यह कहते हुए सोमवार को यहां पत्रकारों से मुखातिब हुए तो यह साफ हो गया कि वह लखनऊ की चुनावी दुश्वारियों को लेकर अब भी बेफिक्र नहीं हो पाए हैं।
शायद इसीलिए उन्होंने यह कहते हुए, ‘दो दिन से लखनऊ में हूं। आज भी रहूंगा। कल दो दिन के लिए जम्मू-कश्मीर व बिहार के दौरे पर जाऊंगा। फिर वापस आऊंगा।
बीच-बीच में आता रहूंगा’ उन आरोपों का जवाब देने की कोशिश की जिनमें विपक्ष की तरफ से उन्हें जीतने के बाद दोबारा उस क्षेत्र से चुनाव न लड़ने का आरोप लगाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री को जलील मत करो
संजय बारू की किताब को लेकर मचे बवाल पर भाजपा के रुख से अलग हटते हुए कहा कि राजनीति में किसी को जलील करना ठीक नहीं है।
गौरतलब है कि बारू की किताब को लेकर पूरी भाजपा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रधानमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। राजनाथ ने कहा कि इतने समय तक प्रधानमंत्री के प्रेस सलाहकार रहे बारू को इस तरह के खुलासे से बचना चाहिए था।
राजनाथ ने बारू की किताब की चर्चा करते हुए कहा कि इतने समय तक बारू पीएम के मीडिया एडवाइजर रहे। जो कुछ भी उन्होंने लिखा, सच लिखा होगा, लेकिन किसी की छवि धूमिल करने से बचना चाहिए।
ध्रुवीकरण से बचाने की कोशिश
राजनाथ ने लखनऊ के लिए अपनी कार्ययोजना का ब्यौरा अटलविहारी वाजपेयी के कामकाज के जिक्र से शुरू किया। इस बात का भी ध्यान रखा कि राजधानी में वोटों के ध्रुवीकरण की स्थिति न बने और जातीय लामबंदी न होने पाए।
बताया कि उन्होंने दो दिनों में बहुत से लोगों से मुलाकात की है। वह फिर साफ करना चाहते हैं कि भाजपा या उन्होंने खुद कभी सत्ता के लिए राजनीति नहीं की, बल्कि देश के लिए की।
इंसान व इंसानियत के लिए राजनीति की। कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वह इस बात का ख्याल किए बगैर कि कौन सा वोट मिलेगा और कौन नहीं? एक-एक आदमी के पास जाएं। उससे वोट मांगें।
लखनऊ को बनाएंगे आईटी हब
राजनाथ ने लखनऊ में अटल विहारी वाजपेयी द्वारा राजधानी के विकास के लिए कराए गए कामों का जिक्र किया।
साथ ही बताया कि अटल की सरकार में भूतल परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने ही लखनऊ के शहीद पथ का निर्माण शुरू कराया था।
लखनऊ में एक और आउटर रिंग रोड की जरूरत महसूस हो रही है। केंद्र में सरकार बनी तो वह इस काम को कराएंगे। उन्होंने लखनऊ को आईटी हब बनाने का वादा किया।
साथ ही कहा कि वह जीते और केंद्र में सरकार बनी तो शहीद पथ के किनारे तथा अन्य स्थानों पर विकास व रोजगार बढ़ाने को बहुत सारे काम किए जाएंगे।
लखनऊ के लिए कई योजनाएं
राजनाथ ने कहा कि अटल ने लखनऊ के विकास के लिए जो काम शुरू कराए थे अथवा जिन कामों को सांसद के रूप में लालजी टंडन और महापौर के रूप में डॉ. दिनेश शर्मा ने शुरू कराया। सांसद होने के बाद उन सब कामों को वह आगे बढ़ाएंगे।
कहा कि लखनऊ को लेकर उनके दिमाग में बहुत सारी योजनाएं हैं। वक्त आने पर इन्हें अमली जामा पहनाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अटल ने लखनऊ को अंतरराष्ट्रीय जगत में पहचान दिलाई।
केंद्र में भाजपा व एनडीए सरकार आई तो इस कोशिश को और आगे बढ़ाया जाएगा।
मेरी छवि खराब करने का प्रयास होगा
सेंट्रल बार में वकीलों से मुखातिब राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव में हमारे बारे में भी बहुत तरह की चर्चा होगी।
चुनाव है, बहुत तरह के ‘र्यूमर’ (अफवाह) आएंगी। छवि धूमिल करने की कोशिश होगी। पर मैं चाहता हूं कि कहीं कोई आशंका हो तो आप सीधे बात कर सकते हैं।
अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी अर्से से उनके साथ हैं। इनसे भी बात की जा सकती है।
उन्होंने कहा, वह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि सांसद बनने के बाद लखनऊ की स्वस्थ परंपरा को मजबूत बनाने और उसे बढ़ाने का काम करेंगे।