'नरेंद्र मोदी कौन हैं? प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं.. अच्छा! पता नहीं यार.. मैं तो अपनी फिल्मों, स्पोर्ट्स और कुछ पॉजिटिव खबरों के अलावा देख पढ़ ही नहीं पाता।'
'एक दिन अखबार निकालने का मौका मिले तो सबसे पहले 15 नवंबर को रिलीज हो रही अपनी फिल्म ‘रामलीला’ को लेकर खबरें छापूंगा।'
'माफ कीजिएगा, अपनी फिल्मों को लेकर मैं जरा स्वार्थी हूं। और हां, जनता की समस्या को उठाती खबरों को जरूर हाईलाइट करूंगा, इनमें प्याज की बढ़ती कीमत सबसे आगे रहेगी।'
'मैं खबरों में नकारात्मक चीजों को बहुत देख रहा हूं और चाहता हूं कि पाठकों को सकारात्मक खबरें पढ़ने को मिले।'
ये विचार और अरमान हैं फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ फेम बिट्टू शर्मा यानी रनवीर सिंह का। गुरुवार को वे राजधानी में अमर उजाला के मेहमान बने और अखबार लेकर बैठ गए।
अपनी अपकमिंग फिल्म रामलीला के प्रमोशन के सिलसिल में लखनऊ पहुंचे रणवीर ने देश-दुनिया की बातें कीं और खुद को राजनीति की शून्य समझ वाला बताया।
इस दौरान उन्होंने फिल्म रामलीला के चरित्र ‘राम’ के किरदार के अनुरूप खुलकर बातें कीं। रनवीर ने बताया कि फिल्म का हीरो राम ऊर्जा और प्यार से भरा हुआ है, मजाकिया है तो गुस्से वाला भी और कुछ कुछ उज्जड भी।
अमर उजाला की पहल को सराहा
अमर उजाला द्वारा शुरू किए जा रहे ‘बेटी बचाओ’ अभियान को रनवीर सिंह ने इस दौरान समझा और इससे बहुत अच्छी पहल बताया। उन्होंने अभियान की भावना बेहद सही है और जो लोग अपनी बेटियों को भ्रूण में मार रहे हैं, वे जाने किस तरह के लोग होंगे। उन्होंने अभियान से जुड़े पोस्टरों का भी अवलोकन किया।