न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Updated Wed, 16 May 2018 01:53 AM IST
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक ने कक्षा छह के छात्र को डस्टर से बेतहाशा पीटा और किसी को बताने पर जलाकर मार डालने की धमकी देकर चुप करा दिया। बुखार से तपते घर लौटे छात्र की हालत बिगड़ती गई। तीसरे दिन उसने माता-पिता को आपबीती सुनाई।
और पढ़ें
पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करके छात्र को अस्पताल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पिंक सिटी के ज्ञानेंद्र विहार निवासी मनीष कुमार ने अवध कॉलेजिएट स्कूल के शिक्षक अपूर्व मिश्रा पर अपने 12 वर्षीय बेटे वेदांश की बुधवार को डस्टर से पिटाई, गालीगलौज व जलाकर मार डालने की शिकायत की। प्राथमिकी दर्ज करके वेदांश को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल भेजा गया।
वहां से उसे केजीएमयू रेफर किया गया है। बिजली विभाग में कार्यरत मनीष कुमार का कहना है कि कक्षा छह के छात्र वेदांश से शिक्षक अपूर्व मिश्रा ने बुधवार को कंप्यूटर की पुस्तक दिखाने को कहा। समयसारिणी के हिसाब से बुधवार को कंप्यूटर की क्लास न होने के चलते वेदांश पुस्तक नहीं ले गया था।
इस पर शिक्षक ने डस्टर से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बच्चे द्वारा समयसारिणी की बात कहने से भड़के शिक्षक ने गला पकड़कर उसे बहुत पीटा। इसके साथ किसी से बताने पर जलाकर मार डालने और सबके सामने बेइज्जत करने की धमकी दी। गुमसुम हालत में घर लौटे वेदांश को बुखार से तपते देख मां ने चाय दी और बिस्तर पर लिटा दिया।
प्रधानाचार्या ने आरोपों को बताया निराधार
- फोटो : डेमो
उसकी हालत बिगड़ती गई। माता-पिता उसे लोकबंधु अस्पताल ले गए। दो दिन इलाज के बाद डॉक्टरों ने वेदांश को अवसादग्रस्त बताते हुए माता-पिता से उसे डांट-फटकार या पिटाई के बारे में तहकीकात की। हैरत में पड़े मनीष ने वेदांश को ढांढस बंधाते हुए जानकारी की तो वह फफक कर रो पड़ा और आपबीती सुना डाली। इस पर मनीष सोमवार सुबह अपने बेटे को लेकर थाने पहुंचे।
उन्होंने स्कूल की प्रधानाचार्य साधना श्रीवास्तव व प्रबंधक सरबजीत सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अवध कॉलेजिएट की प्रधानाचार्य साधना श्रीवास्तव ने मनीष कुमार के आरोप को निराधार बताया है। उनका कहना है कि विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
छात्र व उसके परिवारीजनों ने मारपीट की कोई सूचना विद्यालय प्रबंधन को नहीं दी। उन्होंने सोमवार सुबह विद्यालय में हंगामा किया। इस पर कक्षा छह के अन्य छात्रों से जानकारी की गई, किसी ने भी शिक्षक अपूर्व मिश्रा द्वारा वेदांश की पिटाई की पुष्टि नहीं की। वेदांश को पहले से स्लिपडिस्क की समस्या थी।