बीते लोकसभा चुनाव के दौरान अन्य पार्टियों के समर्थकों की पिटाई करने एवं सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने समेत अन्य आरोपों मे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार आजाद की अदालत ने आप नेता कुमार विश्वास व उनके छह समर्थकों को दस हजार कीमती जमानतीय वारंट जारी कर तलब किया है।
सुनवाई के लिए आगामी 25 अगस्त की तिथि तय की गई है। मामला अमेठी के कमरौली थानाक्षेत्र के सिन्दुरवा गांव से जुड़ा है जहां के रहने वाले इशराक ठाकुर ने बीते लोकसभा चुनाव के दौरान 14 मार्च 2014 को हुई घटना का जिक्र करते हुए मुकदमा दर्ज कराया।
आरोप के मुताबिक कुमार विश्वास अपने 60-65 अज्ञात साथियों के साथ उनके गांव पहुंचे और अन्य पार्टियों के समर्थकों पर अपनी पार्टी का प्रचार करने का दबाव बनाने लगे।
उन लोगों ने विरोध जताया तो कुमार विश्वास और उनके समर्थकों ने मारपीट की। इस मामले में तफ्तीश के बाद पुलिस ने कुमार विश्वास और उनके समर्थकों के खिलाफ कई गंभीर आरोपों में आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया। इस मामले में कुमार विश्वास समेत अन्य आरोपी कई तिथियों से गैरहाजिर हैं।