मध्य प्रदेश के भोपाल शहर में बीजेपी से जुड़े एक युवा नेता ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि उसकी गर्लफ्रेंड के पिता ने उससे कहा था कि 'खुद को मारकर अपना प्यार साबित करो'। जिसके बाद मंगलवार रात उसने ये कदम उठाया। जब उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया तो वहां डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इस वक्त वह वेटिंलेटर पर है।
पुलिस के मुताबिक युवक का नाम अतुल लोखंडे है और वह अरेरा मंडल से भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) का वाइस-प्रेजिडेंट है। वह रात करीब 9.30 बजे अपनी गर्लफ्रेंड के घर गया था। महिला के घर के बाहर अतुल का एक रिश्तेदार गाड़ी में ही उसका इंतजार कर रहा था। कुछ देर बाद घर से गोली चलने की आवाज आई। जिसके बाद अतुल की गर्लफ्रेंड और उसका रिश्तेदार उसे शिवाजी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए।
जानकारी के मुताबिक अतुल ने घटना से एक दिन पहले ही
फेसबुक पर एक पोस्ट डाली थी। जिसमें महिला के पिता ने उससे कहा कि वह उनकी बेटी के लिए खुद को मारकर अपना प्यार साबित करे। पोस्ट के मुताबिक महिला के पिता ने उससे कहा कि ऐसा करने के बाद यदि वह जीवित रहता है तो वो अपनी बेटी की शादी उससे कर देंगे। लेकिन अगर वह जीवित नहीं रहेगा तो दोनों अगले जन्म में हमेशा एक रहेंगे। उस पोस्ट में अतुल ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिए करीब 40 फोटो भी अटैच किए थे।
अतुल के दोस्तों का कहना है कि अतुल और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच पिछले 13 सालों से संबंध है। महिला बैंक में काम करती है। जब उसके पिता ने शादी के लिए अतुल को अपनी बेटी का हाथ देने से मना कर दिया तो वह उन्हें धमकी देने लगा। जिसके बाद महिला ने उसके फोन का जवाब देना बंद कर दिया।
मामले पर डिप्युटी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र चौधरी का कहना है कि घटना के बाद महिला और उसके परिवार को सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि उन परिस्थितियों की जांच की जाएगी जिनके कारण अतुल ने ये कदम उठाया। फिलहाल मामले में अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।