न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Updated Mon, 02 Jul 2018 04:17 PM IST
बीते सात महीने से शोहदा लगातार छेड़ रहे थे। परेशान युवती ने दो बार खुदकुशी की कोशिश की। शोहदों की बदमाशी लगातार जारी रही। परेशान युवती ने खुद को घर में कैद कर लिया है, वह 15 दिन से घर से बाहर नहीं निकली है। पीड़िता के माता-पिता ने केस दर्ज कराया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मैकेनिकल इंजीनियर युवती पीजीआई इलाके के एल्डिको में रहती है। नौकरी नहीं मिलने पर उसने कम्प्यूटर साफ्टवेयर का कारोबार शुरू किया। युवती का आरोप है कि अनिकेश गुप्ता नाम का युवक उसे पिछले सात महीने से परेशान कर रहा है।
वह जैसे ही घर से निकलती है, तो अश्लील टिप्पणी करना शुरू कर देता है। घर से दुकान तक लगातार पीछा करता है। थाने में शिकायत की गई। पुलिस ने एक दो बार उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। उसकी हरकतें नहीं बदल रही हैं।
शोहदे ने इतना परेशान कर दिया था कि चार महीने पहले नींद की गोलियां खाकर खुदकुशी की भी कोशिश की। युवती के मुताबिक शोहदे ने सरेराह अश्लील हरकते करना शुरू कर दिया। कभी खुद तो कभी दोस्तों के साथ गंदी हरकत करता है तो कभी दोस्तों के साथ।
15 दिन से नहीं निकली घर से
डेमो
इसके डर से वह पिछले 15 दिनों से घर से बाहर कदम नहीं रखा। इसकी जानकारी परिवारीजनों को दी। परिवारीजनों के साथ रविवार को घर से निकली और सीधे थाने पहुंची। जहां तहरीर दी है। अगर पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी तो खुदकुशी कर लूंगी।
उधर, पीजीआई प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र नाथ राय का दावा है कि आरोपी युवक और युवती में पहले प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर दूरी बनी। इसके बाद युवती दूसरे युवक से शादी करने की तैयारी कर रही है। युवती की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक करीब एक महीने पहले आरोपी अनिकेश गुप्ता और युवती के प्रेमी के बीच मारपीट हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पकड़ थाने लेकर आई। जहां शांति भंग की कार्रवाई की गई। इसकी जानकारी होने पर युवती ने खुद दोनों को छोड़ने की पैरवी की थी।