अमृतसर। पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन निगम कर्मचारी आश्रित यूनियन का संघर्ष 25वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से बेरोजगारों की बातचीत बेनतीजा रही। रविवार को शिवसेना हिंदुस्तान ने बेरोजगार युवकों के संघर्ष का समर्थन किया और उनके साथ भूख हड़ताल पर बैठे।
यूनियन के प्रधान राजकुमार ने बताया कि उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात की थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने उन्हें कोई भी उचित जवाब नहीं दिया। इसके चलते उन्होंने अपना संघर्ष जारी रखा। रविवार सुबह शिव सेना हिंदुस्तान के प्रधान रमन पहलवान अपने साथियों के साथ हाल गेट पहुंचे और बेरोजगार युवकों के साथ भूख हड़ताल पर बैठे। दूसरी तरफ मरणव्रत पर बैठे मनजिंदर सिंह की गुरुनानक देव अस्पताल में हालत नाजुक बनी हुई है। उसका 11 किलो वजन कम हुआ है। हाल गेट स्थित पानी की टंकी के नीचे मरणव्रत पर बैठे फतह सिंह का रविवार को पांचवां दिन था। उसकी हालत भी बिगड़ने लगी है। इसके अलावा 12 युवक पानी की टंकी पर चढ़कर नौकरी की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस अवसर पर शिव सेना नेता सतपाल, गगनदीप, अनिल, पवन, अरुण भगत, मीनू, शामलाल आदि मौजूद थे।