श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट (अमृतसर)। इंडियन एयरलाइंस का विशेष विमान भारतीय कैदी सरबजीत सिंह के शव को लेकर देर शाम श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट पहुंचा। उसके शव को रिसीव करने के लिए विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर, डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल और कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पहुंचे थे। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा और विभिन्न कांग्रेसी नेता भी एयरपोर्ट पर मौजूद थे।
पाकिस्तान के लाहौर एयरपोर्ट पर इंडियन एयरलाइंन्स का विशेष विमान सरबजीत का शव लेने के लिए भेजा गया था। करीब 45 मिनट के सफर के बाद करीब 7.48 मिनट पर विमान भारत पहुंचा। एयरपोर्ट पर पांच एंबुलेंस तैनात की गई थी। इसके साथ ही सीआईएसएफ और पंजाब पुलिस के सुरक्षा दस्ते तैनात थे। हवाई जहाज से सरबजीत का शव बंद ताबूत में उतारा गया। इसके बाद ताबूत को एक एंबुलेंस में रखा गया और उसके पैतृक गांव भिखीविंड के लिए भेज दिया गया। शव अमृतसर पहुंचने में देरी के कारण सरकार ने फैसला लिया कि शव का पोस्टमार्टम भिखीविंड के नजदीकी कस्बे पट्टी के सिविल अस्पताल में करवाया जाए।
एयरपोर्ट पर विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर ने कहा कि आज सारा देश सरबजीत के परिवार के शोक में परिवार के साथ है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि सरबजीत की मौत देश के लिए एक गहरा सदमा है। कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने कहा कि पंजाब सरकार परिवार के साथ शोक व्यक्त करती है। सरबजीत का अंतिम संस्कार पूरे सरकारी सम्मान के साथ होगा। सरकार परिवार को सहायता भी देगा।