अमृतसर। गलती से सीमा पार कर भारत पहुंचे 61 वर्षीय व्यक्ति को बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेंजर्स के हवाले कर दिया है। बीएसएफ के डीआईजी आरपीएस जसवाल ने बताया कि शनिवार को गश्त के दौरान बीएसएफ के जवानों ने एक व्यक्ति को भारतीय सीमा की ओर से आते देखा। सीमा पर स्थित चौकी खीवा के पास इस व्यक्ति को बीएसएफ के जवानों ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि व्यक्ति गलती से सीमा पर करके भारतीय क्षेत्र में पहुंच गया। पाकिस्तानी व्यक्ति की पहचान शाह नवाज पुत्र दोना निवासी गांव ताहिर खुर्द के रूप में हुई है। इस दौरान बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ संपर्क किया और व्यक्ति को उनके हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में बीएसएफ ने 14 पाकिस्तानियों को पाक रेंजर्स के हवाले किया है। ये गलती से सीमा पार करके भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे।