फरीदकोट/कोटकपूरा/जैतो। गांधीवादी नेता अन्ना हजारे ने कहा संसद के लिए हमें अच्छे लोगों को चुनने की परंपरा शुरू करनी पड़ेगी। चुनाव के समय भ्रष्ट नेता वोट खरीदते है क्योंकि लोग पैसे के बदले वोट देने को तैयार हो जाते हैं।
अन्ना मंगलवार को अपनी देशव्यापी जनतंत्र यात्रा के दौरान जिले के फरीदकोट,कोटकपूरा व जैतो शहर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस यात्रा का जिले भर में विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। अन्ना हजारे ने चिंता जताई कि देश की संसद व विधानसभाओं में गुंडा तत्वों का बोलबाला है और उनसे देश को मुक्ति दिलाने के लिए अच्छे लोगों को चुनना होगा। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि सितंबर में दिल्ली में होने वाली जन ससंद में पहुंच कर देश हित के फैसलों में भागीदारी निभाएं।
अब चीनी कंट्रोल वापस लेने की तैयारी: वीके सिंह
इस मौके पर पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने कहा कि नेताओं ने हमें धर्म व जाति के नाम पर बांट कर रखा। हर रोज बड़े बड़े घोटाले हो रहे है। अब केंद्र सरकार ने पेट्रोल व डीजल की तरह चीनी से कंट्रोल वापिस लेने की तैयारी कर ली है जिससे मंहगाई का ग्राफ बढ़ जाएगा। इस मौके पर सैयद गुलाम जिलानी,संतोष भारती ने भी विचार रखे और कहा कि सभी का मुश्किलें सांझी है और इसके लिए सभी को संयुक्त रूप से लड़नी लड़नी होगी।
टिल्ला बाबा फरीद में किया नमन
इस यात्रा के दौरान अन्ना हजारे व उनके साथियों ने फरीदकोट के ऐतिहासिक टिल्ला बाबा फरीद में नमन किया और सभी स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं समेत स्कूली बच्चों की तरफ से उनका भव्य स्वागत हुआ। यात्रा के दौरान फरीदकोट पहुंचते ही अन्ना हजारे में मेडिकल कॉलेज से सटे गुरुद्वारा साहिब में लंगर खाया और करीब एक घंटे तक दरबारगंज स्थित रेस्ट हाऊस में विश्राम भी किया।