फरीदकोट। गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सफाई सेवकों ने वीरवार को अपनी मांगें पूरी करने का आश्वासन मिलने पर आंदोलन वापस ले लिया। सफाई कर्मी अस्पताल में श्रम कानून लागू करने और नौकरी से निकाले कर्मियों की बहाली को लेकर 30 अप्रैल से भूख हड़ताल कर रहे थे।
इस मामले में वीरवार को एडीसी मोहन लाल के कार्यालय में हुए बैठक के दौरान अस्पताल प्रशासन और सुलभ इंटरनेशनल कंपनी ने सफाई कर्मियों की मांगें स्वीकार करने पर सहमति जताई। बैठक में तहसीलदार हरसिमरन सिंह, सर्व सफाई मजदूर यूनियन के प्रांतीय प्रधान नत्थू राम नीलकंठ, विवि के प्रतिनिधि डॉ. संजीव गोयल समेत ठेकेदार शुलभ इंटरनेशनल कंपनी के अधिकारी शामिल हुए। विवि और कंपनी ने नौकरी से निकाले कर्मियों को बहाल करने के साथ साथ श्रम कानून का पालन करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रशासानिक अधिकारियों ने जूस पिलाकर सफाई कर्मियों की भूख हड़ताल खत्म करवाई। सर्व सफाई मजदूर यूनियन ने 31 मई को फरीदकोट में होने वाली प्रांतीय स्तर की रोष रैली को विजय रैली के रूप में तबदील कर दिया है।