रामपुरा फूल (बठिंडा)। दून पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कराड़वाला के चार छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीत कर स्कूल का नाम रोशन किया है। स्कूल के डायरेक्टर गमदूर सिंह ढिल्लों और प्रिंसिपल परमिन्द्र कौर ने बताया कि छात्रा मुस्कान गोयल ने नन्हे सम्राट मैगजीन द्वारा आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर इस मुकाबले में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया। छात्र चिराग सिंगला ने रोबिन एज मैगजीन समेत कई अन्य मैगजीन की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए एक महीने में तीन पुरस्कार प्राप्त किए। छात्र सुमित सिंगला ने अमर उजाला युवान द्वारा आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में पुरस्कार जीता। इसी प्रकार छात्रा आंचल सिंगला ने भी अमर उजाला युवान की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में दो महीनों में दो पुरस्कार जीते। छात्रों के यह पुरस्कार हासिल करने पर स्कूल में जश्न का माहौल है। प्रिंसिपल परमिन्द्र कौर ने छात्रों की इस प्राप्ति पर सम्मानित करते हुए अन्य छात्रों को भी भविष्य में ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।