मोहाली। यूथ अकाली दल द्वारा शहर के तमाम इलाकों में सुविधा सेंटर खोलकर लोगों को सहूलियत देने की मुहिम के तहत मंगलवार को शाहीमाजरा में दूसरा सेंटर खोला गया। इसका उद्घाटन यूथ अकाली दल शहरी प्रधान हरमनप्रीत सिंह प्रिंस, देहाती प्रधान जसपिंदर लाली, अकाली दल शहरी प्रधान जसवंत भुल्लर, स्त्री विंग प्रधान कुलदीप कौर कंग, एसजीपीसी मेंबर परमजीत कौर लांडरां, भाजपा जिला प्रधान सुखविंदर गोल्डी, भाजपा स्त्री विंग प्रधान गुरबीर कौर व अश्वनी संभालकी द्वारा सांझे तौर पर किया गया।
प्रिंस ने कहा कि शिअद सुप्रीमो सुखबीर बादल व संगठन प्रधान बिक्रमजीत मजीठिया की हिदायतों पर लोगों को सारी सहूलियतें एक ही छत के नीचे मुहैया कराने के मकसद से सुविधा सेंटर खोले जा रहे हैं। यहां हर तरह के कार्ड, पेंशन, वोट, गमाडा, नगर निगम, पुलिस व प्रशासन से संबंधित समस्याओं का हल किया जाएगा। रोजगार दिलाने के लिए नौजवानों के नाम भी सुविधा सेंटरों में दर्ज किए जाएंगे। शाहीमाजरा सेंटर का इंचार्ज लक्की लोटा को बनाया गया है, जो अपनी 25 सदस्यीय कमेटी बनाकर इसका संचालन करेंगे। जल्द ही अन्य फेजों व सेक्टरों में भी सेंटर खोले जाएंगे। इस मौके रमेश वर्मा, गुरप्रीत बल्ली, गुरविंदर सन्नी, गुरवीर सिंह छाबड़ा, मनजीत मान, गुरचरन सिंह ननड़ा, वरिंदर कौर सोढी, एसएस खोखर भी मौजूद थे।