मोहाली। नगर निगम द्वारा सारे शहर में एक जैसे डाले जा रहे पेवर ब्लॉक में लोगों के नाजायज कब्जे बार-बार रुकावट बन रहे हैं। फेज छह में शनिवार को फुटपाथ बनाने के काम में वहां के कुछ लोगों ने अड़ंगा डाल दिया। पर निगम अधिकारियों ने उनकी एक न सुनीं। जिसके बाद उनके पत्थर तोड़ कर फुटपाथ बनाने का काम शुरू किया गया।
शनिवार को निगम का ठेकेदार फेज छह में फुटपाथ निर्माण का काम कर रहा था। तभी 353 और 382 नंबर मकानों के मालिकों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वह अपने घर के बाहर बिछाए पत्थर नहीं तोड़ने देंगे। मौके पर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर एनएस दालम व अन्य अधिकारी पहुंचे, तो मकान मालिकों ने उनसे भी बहस शुरू कर दी। फिर अधिकारियों ने भी तीखे तेवर दिखाए और उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद लोग हटे और ठेकेदार ने काम शुरू किया। इससे पहले भी फेज छह और कई अन्य इलाकों में लोग काम में रुकावट डाल चुके हैं। लगभग सभी इलाकों में लोगों ने अपने घर के बाहर पत्थर हुए हैं। जिन्हें फुटपाथ बनाते समय तोड़ा जाता है तो वे विरोध करते हैं।