मोहाली। कई लोग हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटें बनने के बाद भी उन्हें लेने नहीं आ रहे हैं। डीटीओ करन सिंह ने हिदायत दी है कि अगर निर्धारित समय सीमा के बाद वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी पाई गई, तो वाहन मालिकों पर जुर्माना किया जाएगा। उनके वाहन भी बंद किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटों के संबंध में कुल 15,244 अर्जियां प्राप्त हुई थीं। जिनमें से 13,920 हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटें बन कर तैयार हो चुकी हैं। इनमें से 7831 गाड़ियों पर नंबर प्लेटें फिक्स की जा चुकी हैं। पर 7413 लोग ऐसे हैं, जिनकी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटें तैयार हैं, पर बार-बार संपर्क करने के बाद भी वाहन मालिक प्लेटें लगवाने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटों के लिए एक समय सारिणी बनाई गई है। इसमें दिए समय के बाद अगर कोई गाड़ी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के बगैर मिलती है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट तैयार कराके अपने वाहनों पर लगवाएं। नई समय सारिणी के मुताबिक 0001 से 0500 नंबर तक की प्लेटें जनवरी-13 तक बननी हैं। जबकि अगस्त-14 में सबसे आखिरी सीरीज 9501 से लेकर 9999 तक के नंबरों की प्लेटें बनाई जाएंगी।