मोहाली। सेक्टर-76 में बनाए जाने वाले ज्यूडीशियल कॉम्प्लेक्स का नींव पत्थर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एके सीकरी बीस मार्च को रखेंगे। सोमवार को हाईकोर्ट के जज एवं बिल्डिंग कमेटी पंजाब के चेयरमैन जस्टिस रणजीत सिंह ने उस जगह का जायजा लिया, जहां ज्यूडीशियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाना है। साथ ही समागम के इंतजामों की भी समीक्षा की।
डिप्टी कमिश्नर वरुण रूजम ने बताया कि 65 करोड़ की लागत से बनने वाले ज्यूडीशियल कॉम्प्लेक्स का नींव पत्थर जस्टिस सीकरी रखेंगे। साथ ही वह आल्टरनेटिव डिस्प्यूट रिसोल्यूशन सेंटर (एडीआरएस) का भी नींव पत्थर रखेंगे। समागम में हाईकोर्ट के जज एवं पंजाब लीगल सर्विस अथॉरिटी के कार्यकारी चेयरमैन जस्टिस जसवीर सिंह समेत कई जज व न्यायिक अधिकारी भी शामिल होंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाने को कहा। इस मौके जिला व सेशन जज रोपड़ जीएस गिल, एडीसी जेसी सभरवाल, असिस्टेंट कमिश्नर राजेश धीमान, एसडीएम लखमीर सिंह, बार एसोसिएशन प्रधान अमरजीत सिंह लोंगिया भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि 2006 में जिला बनाए जाने के बाद से मोहाली को अब अपना ज्यूडीशियल कॉम्प्लेक्स मिलेगा। अब तक अदालतें फेज 3बी1 के कम्यूनिटी सेंटर में चल रही हैं। जहां वकीलों और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। वहां पार्किंग का भी कोई प्रबंध नहीं है। इसके बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।