मोहाली। स्नैचिंग के आरोप में शनिवार को पुलिस ने दो कॉल सेंटर कर्मियों समेत तीन युवकों को काबू किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों से पुलिस ने एटीएम कार्ड व चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों की उम्र 20 साल से नीचे है और वह गांव शाहीमाजरा में किराए पर रह रहे थे। गिरफ्तार युवकों की पहचान कुलदीप सिंह निवासी अमृतसर, अजीत सिंह निवासी कांगड़ा हिमाचल प्रदेश और तरमिंदर सिंह निवासी गांव मोहाली के रूप में हुई है।
पुलिस को 29 मार्च को विकास निवासी धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) ने शिकायत दी कि वह एक कॉल सेंटर में काम करता है। जब वह घर जा रहा था तो कुछ युवक उसका मोबाइल फोन और पर्स छीनकर भाग गए। शिकायत के बाद पुलिस एक्टिव हो गई थी। इसके बाद शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू किया। पुलिस के मुताबिक कुलदीप और अजीत सिंह कॉल सेंटर में ही काम करते हैं, जबकि तरमिंदर गाड़ियों की अलाइनमेंट का काम करता है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी रात को पैदल जाने वाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे।