मोहाली। फेज-7 में पीयू की एक्सटेंशन लाइब्रेरी के पास वीरवार सुबह एक महिला अपने बच्चे को स्कूल के लिए बस पर चढ़ाने आई थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने महिला के सोने की चेन झपट ली।
फेज-7 के एचएल क्वार्टर में रहने वाली चरणजीत कौर रोजाना की तरह वीरवार को भी बच्चे को स्कूल बस में चढ़ाने के लिए गई थी। वह बस स्टॉप पर पहुंची ही थी कि मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके पास आकर बाइक स्लो कर दी और एक युवक ने गले पर हाथ डाला। उन्होंने सोचा कि शायद कोई बदसलूकी कर रहा है। उन्होंने युवक का हाथ पकड़ लिया, लेकिन उसने चरणजीत कौर का हाथ झटका और उनके गले से दो तोले सोने की चेन झपट ली। इससे चरणजीत कौर के गले में कुछ खरोंचे भी आईं। सूचना मिलते ही पूर्व पार्षद फूलराज सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने भी वायरलेस पर मैसेज फ्लैश कर दिया और नाकाबंदी कराई, लेकिन स्नैचर फरार हो गए। एक दिन पहले ही फेज 3ए मंदिर के पास भी एक महिला की चेन झपटी गई थी।