डेराबस्सी। शहर के वार्ड नंबर 2 स्थित नगर परिषद के सीवरेज डिस्पोजेल प्लांट में पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध न होने के कारण आसपास के किसानों की फसल खराब हो रही है। पीड़ित किसानों ने इस सबंध में डीसी, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड, एसडीएम डेराबस्सी एवं तहसीलदार को शिकायत देकर समस्या को हल करने, नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है। शिकायतकर्ता किसानों ने मामले में लापरवाही बरतने वाले नगर परिषद के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डीसी एवं प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को दी शिकायत में कृष्ण लाल सैनी ने बताया कि नगर परिषद ने वार्ड नंबर दो में सारे शहर के सीवरेज का डिस्पोेजल प्लांट स्थापित किया है। नगर परिषद ने सीवरेज के पानी को साथ गुजरते बरसाती चौ में गिराने के लिए साथ लगते खेतों में से एक नाला तैयार किया गया है। लेकिन पिछले कुछ समय से परिषद ने इस नाले की सफाई नहीं कराई, जिससे यह ब्लाक हो गया है। सीवरेज के पानी के साथ-साथ अब शहर के ज्यादातर हिस्से के बरसाती पानी, आसपास स्थित रिहायशी कालोनियों के पानी की निकासी भी इसी नाले में की जा रही है। निकासी के हिसाब से नाला काफी छोटा है। जिस कारण पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में भर गया है।
किसानों ने बताया कि सीवरेज के गंदे पाने के भरने से खेतों में खड़ी धान की फसल पूरी तरह से खराब हो गई है। कृष्ण लाल सैनी ने बताया कि उसने इस सबंध में 25 जुलाई को नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश शर्मा को शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने इस सबंध में एसडीएम डेराबस्सी को शिकायत दी। अभी तक समस्या का कोई हल नहीं हुआ है। खेतों में दूषित पानी भरा है। हर समय से बदबू उठती रहती है। जिससे यहां बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
डिस्पोजल प्लांट के पास स्थित अन्य किसानों ने प्रशासन के उच्च अधिकारियों से इस समस्या का तुरंत हल करने के साथ खराब हुई फसल का मुआवजा देने एवं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोट
जल्द ही पानी की निकासी के उचित प्रबंध कराने के अलावा समस्या का स्थाई हल निकाला जाएगा, ताकि भविष्य में किसानों को समस्या का सामना न करना पड़े।
-राजेश शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद