खरड़। सिटी पुलिस ने तीन दिन पूर्व गिरफ्तार चोर गिरोह के तीन सदस्यों से की पूछताछ के आधार पर उनके चार और साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। सात सदस्यीय चोर गिरोह की निशानदेही पर करीब सात लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। बाद में गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार तीन दिन पूर्व पुलिस ने रायपुर निवासी जगतार सिंह, गांव कैलो निवासी भाग सिंह उर्फ लाली एवं बरेली (यूपी) निवासी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया था। अदालत से रिमांड पर लेने के बाद उनसे पूछताछ के दौरान चोरी एवं छीनाझपटी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। चोरों की निशानदेही पर एक थ्री व्हीलर, एक बुलेट मोटरसाइकिल, पांच बैटरीं, दो स्कूटर, तीन कैमरे, तीन घड़ियां, एक लैपटॉप, पीतल की टूटियां एवं सोने के गहने बरामद किए हैं। यह चोरी का सामान सोहाना, फेज-8 मोहाली एवं खरड़ सिटी तथा सदर थाना में दर्ज मामलों में के सिलसिले में हुई है।
खरड़ सदर पुलिस ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर लूटपाट गिरोह के सदस्य मोरिंडा निवासी चरणजीत सिंह उर्फ चन्ना, हरदीप सिंह, सपिंदर सिंह एवं गुरप्रीत सिंह के विरुद्ध मामला दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को सोमवार को खरड़ अदालत में पेश किया जाएगा।
जांच अधिकारी सिकंदर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को नाकाबंदी कर न्यू सन्नी एन्क्लेव क्षेत्र से बाइक चार लोगों को संदिग्ध हालत में गिरफ्तार किया। वह यहां खड़े होकर लूटपाट और चोरी की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से सात मोबाइल फोन एवं एक सोने के चेन बरामद की है। प्राथमिक पूछताछ के आधार पर फेज -10 में महिला से चेन झपटने संबंधी, फेज-11 थाना मोहाली में 22 अक्तूबर 2012 को दर्ज मामला एवं 2 अगस्त 2013 को खरड़ में दो महिलाओं से नकदी तथा मोबाइल छीनने के मामले सुलझाए गए हैं। अभी पूछताछ जारी है।