गांव गोतरां लाहड़ी में एक 26 वर्षीय विवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान गुरदासपुर के गांव पनियाड़ निवासी सुरीला उर्फ ज्योति पत्नी सोहनजीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है। पुलिस को मृतका का सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पति को जिम्मेदार ठहराया है।
मृतका के पिता बिशंभर दास ने बताया कि ज्योति की शादी साढ़े तीन साल पहले पनियाड़ निवासी सोहनजीत सिंह के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्योति से उसके ससुराली मारपीट करते थे। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर, 2013 को ससुराल वाले ज्योति को मायके छोड़ गए। शनिवार शाम को सोहनजीत का ज्योति को फोन आया। सोहनजीत ने फोन पर गालियां देना शुरू कर दिया। इससे ज्योति परेशान हो गई।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह वह अपने काम पर गए थे। पीछे से ज्योति ने पंखे से फंदा लगा लिया। सूचना मिलने पर वह घर पहुंचे और पंखे से लटक रही ज्योति को नीचे उतारा लेकिन तब तक वह मर चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में ले लिया।
डीएसपी रूरल-1 प्रभजोत सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस को मृतका का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पति सोहनजीत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने मृतक लड़की के पिता के बयान पर उसके पति के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।