पटियाला। डीजल व रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के विरोध में शनिवार को जिला यूथ अकाली दल (देहाती) के प्रधान हरमीत सिंह ढिल्लों पठानमाजरा की अगुवाई में वर्करों ने पटियाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकी और जोरदार प्रदर्शन किया। उधर, भाजपा जिला प्रधान (शहरी) अरुण गुप्ता की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ लाहौरी गेट पर प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर यूपीए सरकार का पुतला फूंका गया और बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की गई।
दोपहर करीब दो बजे पठानमाजरा की अगुवाई में काफी संख्या में अकाली वर्कर पटियाला रेलवे स्टेशन पर पहुंचे रेलवे ट्रैक पर धरना दे दिया। इससे अंबाला से बठिंडा जाने वाली ट्रेन 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ूी रही। इस दौरान अकाली वर्करों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर हरमीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि बढ़ती महंगाई से पहले ही आम जनता बुरी तरह से त्रस्त है। अब केंद्र सरकार ने डीजल और रसोई गैस की कीमतों में और वृद्धि करके जनता की कमर ही तोड़ दी है। बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लेकर अतिरिक्त आर्थिक बोझ खत्म किया जाए। इस मौके पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की गई कि बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बढ़े मूल्य वापस न लेने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसके गंभीर परिणामों की जिम्मेदार केंद्र सरकार खुद होगी।
चंडीगढ़ में बैठक कल, आंदोलन की बनेगी रणनीति
उन्होंने बताया कि सोमवार को चंडीगढ़ में यूथ अकाली दल के सरपरस्त विक्रम सिंह मजीठिया की अगुवाई में बैठक होगी। इस मौके पर डीजल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के मुद्दे पर संघर्ष के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
लाहौरी गेट पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा (शहरी) के जिला महासचिव त्रिभुवन गुप्ता, भूपेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी करके केंद्र सरकार ने लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। लोग तो पहले ही दिन-ब-दिन बढ़ रही महंगाई से तंग थे। अब डीजल के दामों के साथ-साथ साल में केवल छह सिलेंडर सब्सिडी पर देने के फैसले ने लोगों को मुसीबत में डाल दिया है। तकरीबन हरेक परिवार का महीने में एक सिलेंडर लग जाता है। ऐसे में साल में केवल छह सिलेंडर सब्सिडी पर मिलने से बाकी के सिलेंडर लोगों को महंगे दामों में खरीदने पड़ेंगे। जिससे उनका पूरा बजट गड़बड़ा जाएगा।