खमाणो (फतेहगढ़ साहिब)। नजदीकी गांव बाठां में सोमवार को एक नव विवाहिता की सुहागरात को ही उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने शरीर पर भी ब्लेड से कट लगाए। पुलिस ने मृतका मनप्रीत कौर (22) के भाई सुखविंदर सिंह की शिकायत पर आरोपी पति सहित दूल्हे के भाई जसविंदर सिंह, बहन रेखा और बहनोई जगविंदर सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी फतेहगढ़ साहिब एचएस मान ने बताया कि मनप्रीत का विवाह 21 अक्तूबर रविवार को गांव बाठां के केसर सिंह के साथ हुआ था। 23 की सुबह मनप्रीत का शव मिला और केसर सिंह जख्मी हालत में पाया गया। एसएसपी ने बताया कि मनप्रीत के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या दहेज के लिए की गई है। लेकिन असल मामला जांच के बाद ही बताया जा सकेगा।