पटियाला। गैंगरेप के बाद लड़की के आत्महत्या करने के मामले में शुक्रवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य शमीना सफीक बादशाहपुर गांव पहुंची। सफीक ने कड़ा नोटिस लेते हुए इस मामले में की जा रही जांच पर सवालिया निशान उठाए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कहा कि जांच बिल्कुल भी ठीक नहीं हो रही है। जिन दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप हैं, उन्हें केवल सस्पेंड करके मामले में औपचारिकता निभा ली गई।
इस मौके पर उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराए जाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने आयोग की तरफ से परिवार को मामले में हर जरूरी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। वहीं इस केस में पुलिस की ओर से समय पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने का गंभीर नोटिस लेते हुए उन्होंने कहा कि जिन दो पुलिस अफसरों को इस केस में डिसमिस किया गया है, उनके खिलाफ केस दर्ज करके 24 घंटे के अंदर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्होंने विभिन्न थानों में पेंडिंग पड़े रेप केसों संबंधी रिपोर्ट भेजने को भी कहा।