पटियाला। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब में अमन कानून की बिगड़ रही व्यवस्था को देखते हुए राज्य में एक बार फिर से आतंकवाद के पैदा होने के आसार बन रहे हैं। हालात इस कद्र बिगड़ रहे हैं कि अब पंजाब पुलिस अपने ही अधिकारियों को बचाने में असमर्थ है। लगातार चार पुलिस अफसरों का मारा जाना आने वाले किसी भयानक खतरे का संकेत है। साथ ही दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनावों में पंजाब की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस कब्जा करेगी। वह पंजाब दौरे के दूसरे दिन शहर पहुंचे हुए थे।
अमर आश्रम में रैली को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल चिंतन शिविर के नाम पर गोवा में छुट्टियां मना रहे हैं। जबकि पंजाब में हो रहे इस खूनी खेल के लिए वही जिम्मेदार हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बादल परिवार पंजाब पुलिस को अपराधियों और गुंडा तत्वों की सहायता के लिए इस्तेमाल कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल नन्ही छांव मुद्दे को लेकर खूब राजनीति कर रही है, लेकिन दस जमा एक और दो की छात्राओं से मुफ्त शिक्षा की सुविधा वापस ली जा रही है। बाजवा ने सुखबीर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी कांग्रेसी वर्कर को परेशान किया गया, तो इसका सड़कों पर उतर कर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेसी वर्करों को हौसला बुलंद करने को कहा और दावा किया कि 2014 में होने वाले लोकसभा चुनावों में पंजाब की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी। साथ ही साफ किया मुश्किल की इस घड़ी में जो लीडर अब पार्टी का साथ छोड़ देगा, उसे दोबारा पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा। चाहे वह कितना ही सीनियर क्यों न हो। इस मौके पर उन्होंने पंजाब में प्रापर्टी टैक्स न लगाने की भी वकालत की।