पटियाला। सेंट्रल जेल में दो हवालातियों ने तलाशी लेने पर गुस्से में आकर जेल वार्डन को पीट कर घायल कर दिया गया। त्रिपड़ी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पीटने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। उधर इलाज के बाद जेल वार्डन को राजेंद्रा से छुट्टी दी गई है।
मामले की जांच अधिकारी त्रिपड़ी थाने के पुलिस कर्मचारी जगदीश कुमार ने बताया कि शाम करीब सवा छह बजे सेंट्रल जेल में वार्डन सिकंदर सिंह चक्कियों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान जब वह चक्की नंबर पांच के पास पहुंचा, तो उसे शक हुआ कि हवालाती अजय कुमार उर्फ घोटना निवासी कच्चा पटियाला और मनोज कुमार के पास कोई गैर कानूनी चीज है। जब जेल वार्डन ने इन दोनों हवालातियों की तलाशी लेने चाही, तो गुस्से में आकर इन दोनों ने मिल कर जेल वार्डन को ही पीट दिया। बड़ी मुश्किल से हवलदार रछपाल सिंह ने जेल वार्डन सिकंदर सिंह को छुड़ाया। बाद में उसे राजेंद्रा अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां से उसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। उधर त्रिपड़ी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।