पटियाला। गांव धरेड़ी जटां के एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक की पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रेमी ने अपने और युवक की पत्नी की अश्लील मूवी बनाकर उसे एमएमएस कर दिया था। इससे तंग आकर युवक ने भाखड़ा में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सदर थाने के अधीन पड़ते गांव धरेडी जट्टां के युवक गुरजंट सिंह (30) छह जून को अपने घर से लापता हो गया था। बाद में उसका साइकिल घरवालों को भाखड़ा नहर के किनारे से मिला था। तलाशी अभियान चलाया गया तो उसकी लाश भाखड़ा नहर से बरामद हो गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी सर्वजीत कौर और उसके प्रेमी गुरमेजर सिंह निवासी गांव कालेमाजरा नजदीक बनूड़ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक युवक के पिता उजागर सिंह ने बयान दिया है कि उसकी बहू के प्रेमी ने उन दोनों की अश्लील मूवी बनाकर गांव के कई लोगों के मोबाइल फोन पर एमएमएस कर दिया था। जिसे उसके लड़के गुरजंट सिंह ने देख लिया और वह अपनी पत्नी की बेवफाई सह नहीं सका और भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके आधार पर पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। लेकिन अभी दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।