पटियाला। पूर्व मुख्यमंत्री और पटियाला विधानसभा हलके के विधायक कैप्टन अमरिंदर सिंह गुमशुदा हैं। यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय महासचिव एवं कैशियर व पार्षद हरपाल जुनेजा ने इस संबंधी शहर के विभिन्न इलाकों में पोस्टर लगवाए हैं। जिनमें कैप्टन अमरिंदर सिंह की फोटो के नीचे लिखा है कि जो भी व्यक्ति कैप्टन अमरिंदर सिंह के बारे में जानकारी देगा, उसको वाजिब पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही जो व्यक्ति कैप्टन से मुलाकात करा देगा। उसको 25 हजार रुपये और जो उनके साथ फोन पर बात करवा देगा, उसको 21 हजार रुपये इनाम दिया जाएगा। जुनेजा का कहना है कि पटियाला के लोगों ने कैप्टन को वोट डालकर इसलिए विधानसभा भेजा था, कि वह हलके की दुख तकलीफें दूर करवा सकें। लेकिन बड़े अफसोस की बात है कि मुख्यमंत्री पद संभाल चुके कैप्टन विस चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद गायब हो गए हैं। लोगों की भावनाओं की कद्र करते हुए यह पोस्टर उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों में लगवाए हैं। बतौर विधायक कैप्टन को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कैप्टन तो केवल मुख्यमंत्री बनने के लिए ही चुनाव लड़ते हैं। वैसे उन्हें लोगों से कोई सरोकार नहीं है।