पंजाब में बिजली और महंगी होने जा रही है।
पंजाब राज्य बिजली नियामक आयोग ने पावरकॉम को राज्य में लगने वाले सौर ऊर्जा प्लांटों से बिजली खरीद की मंजूरी दे दी है।
उपभोक्ताओं को इस समय जिस रेट पर बिजली मिल रही है उससे अधिक कीमत पर यह खरीदी जाएगी।
सौर ऊर्जा से मिलने वाली बिजली की कीमत 7.20 रुपये से लेकर 8.74 रुपये प्रति यूनिट हैं।
इससे पंजाब में बिजली महंगी होने की संभावना बढ़ गई है।
प्रदेश में इस समय बिजली की दरें 4.41 रुपये से लेकर 6.35 रुपये प्रति यूनिट हैं।
नियामक आयोग के आदेशानुसार बिजली की कीमत औसत 5.77 रुपये प्रति यूनिट है।
सूत्रों के अनुसार सौर ऊर्जा के लिए राज्य सरकार ने कंपनियों से टेंडर मांगे थे। इसमें दो तरह के प्रोजेक्ट हैं।
एक से चार मेगावाट बिजली पैदा करने वाले प्रोजेक्टों की क्षमता 50 मेगावाट है और शेष 200 मेगावाट बिजली 5 से 30 मेगावाट क्षमता वाले प्रोजेक्टों में से हैं।
पंजाब की गैर परंपरागत ऊर्जा एजेंसी (पेडा) ने सौर ऊर्जा के लिए टेंडर मांगे थे और उनके तहत इनके रेट 7.20 से लेकर 8.74 रुपये प्रति यूनिट हैं।
इस रेट पर बिजली खरीदने के बाद पावरकॉम बिजली की कीमत बढ़ाएगी।
बिजली नियामक आयोग ने ओपन बिडिंग के जरिए सामने आए रेट पर पावरकॉम को बिजली खरीद करने की मंजूरी दे दी है।
नियामक आयोग को वर्ष 2014-15 के लिए नए बिजली दरों के आदेश जारी करनी है और यह दरें एक अप्रैल, 2014 से लागू होगी।
संभावना है कि बिजली की नई दरें वर्तमान रेट से अधिक होंगी। नई दरों के बारे में अभी खुलासा नहीं किया गया है।
पेडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कुछ ही समय में सौर ऊर्जा थर्मल से सस्ती बिजली मिलेगी, क्योंकि कोयले के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है और प्रत्येक वर्ष बिजली की दरों में फ्यूल लागत बढ़ रही है।
सौर ऊर्जा के प्रोजेक्टों का फैसला अगले 25 वर्षों के लिए लागू रहेगा।
पावरकॉम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वर्ष 2014-15 के लिए सालाना राजस्व जरूरत (एआरआर) नवंबर के आखिरी सप्ताह में नियामक आयोग के सामने पेश की जाएगी।
सुनवाई के बाद इस पर 31 मार्च से पहले आयोग नए आदेश जारी कर देगा।