न्यूज डेस्क, अमर उजाला,चित्तौड़गढ़
Published by: चित्तौड़गढ़ ब्यूरो
Updated Tue, 26 May 2026 04:32 PM IST
गांव में लगे पानी के होज के समीप बैठा पेंथर
- फोटो : अमर उजाला
चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र में इन दिनों लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। भीषण गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण तेंदुए अब आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर लेपर्ड देखे जाने के बाद ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने इन वन्यजीवों के वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक किसान अपने खेत पर गया था, जहां पत्थर निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जंगल की तरफ से दो लेपर्ड वहां पहुंच गए। इनमें एक बड़ा और दूसरा छोटा लेपर्ड बताया जा रहा है। तेंदुओं को अचानक सामने देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। हालांकि कुछ लोगों ने दूर से उनके वीडियो भी बना लिए। बताया जा रहा है कि दोनों लेपर्ड कुछ देर तक इलाके में घूमते रहे और फिर वापस जंगल की ओर चले गए।
पानी की खेल में पानी पीते दिखा लेपर्ड
तीन दिन पहले भी क्षेत्र में लेपर्ड देखे जाने की घटना सामने आई थी। बालाजी मंदिर के पास बनी पानी की खेल में एक लेपर्ड पानी पीते हुए नजर आया था। वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में लेपर्ड कुछ देर तक पत्थर की दीवार पर बैठा दिखाई दिया और बीच-बीच में गुर्राता भी नजर आया। इस घटना के बाद आसपास के गांवों में लोगों के बीच डर का माहौल बन गया।
और पढ़ें
यह भी पढ़ें- Rajasthan: जासूसी मामले में आरोपी झाबरा राम को मिली जमानत, गिरफ्तारी प्रक्रिया में कानूनी चूक पर सख्त टिप्पणी
बछड़े का किया शिकार
स्थानीय लोगों के अनुसार, अगले ही दिन सूचना मिली कि पास के उत्थेन गांव में एक लेपर्ड ने बाड़े में घुसकर एक बछड़े का शिकार कर लिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से लगे गांवों में अब शाम होते ही लोगों में डर का माहौल बन जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक जोगणियां माता घाटी, गोल डूंगरी, गोपालपुरा और आसपास के क्षेत्रों में लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बढ़ रहा है। जोगणियां माता वन खंड से शाम ढलते ही तेंदुए आबादी की ओर निकल आते हैं। गर्मी के चलते पानी और भोजन की तलाश में ये वन्यजीव गांवों तक पहुंच रहे हैं।
वन विभाग सतर्क, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग की टीम इलाके में निगरानी कर रही है। साथ ही ग्रामीणों से रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने और बच्चों व पशुओं को सुरक्षित रखने की अपील की गई है। वन विभाग ने लोगों से लेपर्ड दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने को भी कहा है।