दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में गुर्जर शहीद स्मारक के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को मोर्चरी में शिफ्ट कराया गया।
पुलिस के अनुसार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र राजू बैरवा और संजय बैरवा के रूप में हुई है। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जब वे बाइक से दौसा से सिकंदरा की ओर आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें: Chittorgarh News: सांवलियाजी के दर्शन करने जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक की मौत, 20 से ज्यादा घायल
टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश के लिए पुलिस टीम हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सिकंदरा थाने के एएसआई छोटेलाल ने बताया कि दोनों शवों का परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।