शिमला। प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर शनिवार को गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस समारोह में सेना, पुलिस, गृह रक्षा, आईटीबीपी सहित एनसीसी, ब्वॉयज एंड गर्ल्स वरिष्ठ वर्ग, एनएसएस और स्काउट्स एंड गाइड, यातायात पुलिस, अग्निशमन दल, पूर्व सैनिक दल, घुड़सवार पुलिस जवानों का दस्ता परेड में शामिल होगा। परेड में पुलिस की प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के जवान भी शामिल होंगे। करीब एक सप्ताह से ये जवान लगातार ठंड के बावजूद परेड की रिहर्सल कर रहे हैं। वीरवार को रिज मैदान पर इस परेड की फूल ड्रेस रिहर्सल हुई। इसमें सभी टुकड़ियों ने वरदी में सजधजकर परेड की रिहर्सल की। इस रिहर्सल का रिज मैदान पर सुुबह दस बजे से लेकर पौने बारह बजे तक मौजूद लोगों और पर्यटकों ने भी आनंद लिया। आर्मी, होमगार्ड्स, पुलिस, एनसीसी बैंड की मधुर धुनों पर जवानों ने कदमताल की और सलामी का अभ्यास किया।
और पढ़ें
पूरे रिज मैदान पर रिहर्सल के दौरान जवानों की कदमताल देखने को मिली। इस समारोह के लिए उपायुक्त कार्यालय से स्टेट बैंक की ओर जाने वाली सड़क पर विभिन्न विभागों की झांकियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसमें ग्यारह विभागों की झांकियां तैयार की जा रही हैं। इसमें हिम ऊर्जा, पर्यटन विभाग, वन विभाग, नगर निगम, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागोें की झांकियां शामिल हैं। वहीं गणतंत्र दिवस के इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सेना भी अपने हथियारों और उपकरणों का प्रदर्शन करेगी। भारतीय सेना और जतोग स्थित पांचवीं राजपूताना रेजीमेंट एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल, 81 एमएमआर मोटर्रार, 40 एमएमजीआर बेटल फिल्ड, ग्रेनेड आदि का प्रदर्शन करेंगे। पुलिस संचार एवं तकनीकी सेवाएं व दंगा नियंत्रण वाहन का प्रदर्शन करेगी। इस समारोह में प्रदेश के बारह जिलों में से बर्फबारी वाले दो जिलों को छोड़कर सभी जिलों से आए सांस्कृतिक दल रिज पर अपना कार्यक्रम पेश करेंगे।