शिमला। न्यू शिमला स्थित प्रिंसटन स्कूल में हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नन्हें बच्चों ने लोकगीतों पर थिरकते हुए लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। रोहड़ू जाणा मेरी आमिए... कुल्लू मनाली लागा मेला.. के साथ ही छात्रों ने सभी देशा ते शोभला हिमाचल म्हारा हो.. जैसे गीतों पर नाटी पेश की। मानव, भरत, पर्श, उज्ज्वल, मुस्कान, पारुल, पल्लवी और साथी छात्रों ने पहाड़ी नाटी पेश कर समां बांधा। छात्रों ने बीरबल की खिचड़ी नाटक भी पेश किया। इसमें रुद्र, प्रियांशु, एंजल, मधु, शिवा और महक और साथियों ने अपनी अदाकारी से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में नर्सरी और छोटी कक्षाओं के छात्रों ने हिमाचल के हर जिले की पहाड़ी वेशभूषा में सजकर रैंप पर जलवे बिखेरे।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि सेवानिवृत्त अधिकारी यशवीर सिंघा ने शिक्षकों और छात्रों को हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं दीं। स्कूल के प्रबंध निदेशक रजनीश मखैक ने बच्चों को हिमाचल दिवस के बारे जानकारी दी। इस दौरान हिमाचली व्यंजनों का फूड फेस्टिवल भी आयोजित किया गया।