शिमला। प्रदेश सरकार ने सूबे में डेड पड़े बिजली मीटरों को बदलने के निर्देश दिए हैं। प्रधान सचिव ऊर्जा ने राज्य विद्युत बोर्ड प्रबंधन को आदेश दिया है कि प्रदेश में जहां-जहां बिजली मीटर खराब पड़े हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
सूबे में हजारों की संख्या में बिजली मीटर खराब पड़े हैं। लंबे समय से ऐसे मीटर बदले नहीं जा रहे हैं, जिस कारण बिजली बिल ज्यादा आने का सिलसिला जारी है। इससे आम उपभोक्ताओं में आक्रोश है। यहीं कारण है कि इसकी शिकायत उपभोक्ताओं ने सरकार तक पहुंचाई है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए सरकार ने तत्काल प्रभाव से खराब पड़े मीटरों को बदलने के लिए राज्य विद्युत बोर्ड को निर्देश दिया है। प्रधान सचिव ऊर्जा एसकेबीएस नेगी ने बताया कि खराब मीटर से न केवल उपभोक्ताओं बल्कि विद्युत बोर्ड को भी नुकसान होता है। इसको ध्यान में रखकर बोर्ड प्रबंधन को जल्द से जल्द सभी खराब पड़े मीटरों को बदलने के आदेश दिए हैं।