शिमला। प्रदेश में तपती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। सोमवार को राजधानी शिमला सहित कई जिलों में बादल छाने से 1 से दो डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। रविवार को शिमला का अधिकतम तापमान 31.2 दर्ज किया गया। यह सोमवार को गिरकर 29.7 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। ऊना का अधिकतम तापमान भी एक डिग्री गिरा है। रविवार को ऊना का तापमान 45.0 डिग्री पहुंचा। सोमवार को एक डिग्री कम 44.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। केलांग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। प्रदेश के अन्य जिलों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुंदरनगर 38.8, भुंतर 36.0, कल्पा 24.4, धर्मशाला 35.8, नाहन 37.9 और सोलन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश भर में सप्ताह भर मौसम खुश्क रहेगा। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल के मध्यम ऊंचाई वाले चंद इलाकों में 12 जून को गरज के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में हल्का परिवर्तन आया है। अभी सप्ताह भर मौसम खुश्क रहेगा।
---
लू को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्र्मी के चलते चेतावनी जारी की है। 10 और 11 जून को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर में लू चलने की चेतावनी दी है। मंडी और सिरमौर जिलों के कुछ इलाकों में भी लू की चेतावनी दी है।