राजधानी शिमला के राजीव गांधी महाविद्यालय कोटशेरा में नए शैक्षणिक सत्र से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (पीजीडीसीए) कोर्स शुरू हो जाएगा। कॉलेज का नया भवन सात करोड़ रुपये से तैयार हो चुका है। नए कोर्स को शुरू करने के लिए कॉलेज प्रशासन ने शिक्षा विभाग से अनुमति लेेने के लिए औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन भी कर दिया है।
अनुमति मिलने पर कॉलेज प्रशासन कोर्स शुरू करने के लिए विवि से संबद्धता लेने को जरूरी प्रक्रिया पूरी कर निरीक्षण के बाद नए सत्र से पीजीडीसीए कोर्स शुरू करवा देगा। कोर्स की अनुमति लेने को भेजे प्रस्ताव में 40 सब्सिडाइज्ड और बीस नॉन सब्सिडाइज्ड सीटों का एक बैच हर सत्र में भरे जाने का प्रस्ताव भेजा है। इसमें स्नातक डिग्री प्राप्त युवा प्रवेश ले सकेंगे।
कॉलेज प्रशासन कोर्स शुरू करने को लेकर आने वाले रुझान के बाद ही तय करेगा कि सीटें मेरिट आधार पर भरी जाएंगी या फिर इसके लिए अलग से प्रवेश परीक्षा लेंगे। कॉलेज में पहले से बीसीए डिग्री कोर्स संचालित किया जा रहा है। इसमें 20:20 के अनुपात में सीटें भरी जाती हैं। कॉलेज में टूरिज्म मैनेजमेंट में स्नातक डिग्री कोर्स भी चला रहा है। पहले से संचालित किए जा रहे इन दो प्रोफेशनल कोर्सों के साथ अब पीजीडीसीए एक अतिरिक्त प्रोफेशनल डिप्लोमा कोर्स कॉलेज में शुरू होने जा रहा है।
सर्वे करने के बाद लिया है फैसला : डॉ. सलारिया
कॉलेज प्राचार्य डॉ. पवन कुमार सलारिया ने बताया कि पीजीडीसीए शुरू करने के लिए सरकार और विभाग से अनुमति मांगी है। आवेदन से पहले कोर्स पर सर्वे किया था। इसमें आम छात्रों से पीजीडीसीए कोर्स ही शुरू करने की डिमांड सामने आई है। कोर्स शुरू करने के लिए कॉलेज में तमाम सुविधाएं उपलब्ध हैं।
जेओए के लिए अनिवार्य शर्त पूरी कर सकेंगे युवा
प्रदेश सरकार के क्लर्क की जगह जूनियर ऑफिस असिस्टेंट भर्ती के लिए कंप्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा अनिवार्य किया गया है। वह सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान से किया जाना जरूरी है। पीजीडीसीए कोर्स शुरू होने पर युवाओं को जेओए के आवेदन करना आसान रहेगा।
कॉलेज में खुलेगा इग्नू का स्टडी सेंटर
कॉलेज प्राचार्य डॉ. पवन कुमार सलारिया ने कहा कि कॉलेज में पर्याप्त जगह होने पर अब इग्नू का स्टडी सेंटर बनाने की भी प्रक्रिया चल रही है। क्षेत्रीय निदेशक के सहयोग से यह प्रक्रिया अंतिम चरणों में है। इससे कॉलेज के ही छात्र इग्नू के कई कोर्स अपने ही कॉलेज से कर सकेंगे।