एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

मैट्रोपोल-हाईकोर्ट सड़क पांच दिन से बंद, हजारों लोग परेशान

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला Updated Sat, 18 Aug 2018 11:25 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

मैट्रोपोल से हाईकोर्ट की ओर जाने वाली सड़क पांच दिन से बंद पड़ी है। इस सड़क से होकर कई वीवीआईपी और एंबुलेंस वाहन गुजरते हैं। लेकिन नगर निगम अभी तक इस सड़क को बहाल नहीं कर पाया है। यही नहीं मुख्यमंत्री का काफिला भी रोजाना इसी सड़क से गुजरता है। उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों का भी इसी सड़क से होकर दिनभर आना जाना होता है। इसके अलावा सैकड़ों स्कूली बच्चे तथा कर्मचारी भी इसी सड़क से हर रोज आवाजाही करते हैं लेकिन शहर की ऐसी महत्वपूर्ण सड़क नगर निगम की लापरवाही के कारण अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। सड़क बहाल करने की तैयारियां करनी की जगह नगर निगम ने बाड़ लगाकर यहां लोगों की आवाजाही रोक दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन


मैट्रोपोल से हाईकोर्ट की ओर जाने वाली सड़क का डंगा सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे भरभरा कर गिर गया था। शहर की बेहद महत्वपूर्ण सड़क को ढहे चार दिन हो चुके हैं लेकिन नगर निगम यहां महज झाड़ियां काट पाया है। नए सिरे से डंगा लगाने की कोई तैयारी नगर निगम ने नहीं की है। हैरत की बात यह है कि नगर निगम ने शहर की जनता को खतरे में डालते हुए गिरे हुए डंगे पर ही तारकोल के खाली ड्रम लगाकर लोगों की आवाजाही के लिए सड़क खोलने की तैयारी कर ली है जबकि अभी सड़क के दोनों सिरों पर मोटी दरारें पड़ी हुई हैं।

नगर निगम जिस लापरवाही से काम कर रहा है उससे साफ है कि स्थायी डंगा न लगने के कारण शहर के हजारों लोगों को अभी कई दिन और यहां परेशानी झेलनी पड़ेगी। यही नहीं जिस स्थान पर डंगा गिरा है वहां पहले ही जमीन बैठ चुकी थी। सड़क में दरारें भी पड़ी थीं, रोजाना मेयर, डिप्टी मेयर और नगर निगम के अफसर इस सड़क से होकर गुजरते थे लेकिन किसी ने भी सड़क को बचाने के लिए एहतियाती इंतजाम करवाने की जरूरत नहीं समझी।
विज्ञापन


पैदल आवाजाही के लिए खोल रहे सड़क : मेयर
सड़क बंद होने के कारण लोगों को परेशानी न हो इसके लिए गिरे हुए डंगे पर ड्रम लगाकर सड़क को पैदल आवाजाही के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। सर्कुलर रोड से हाईकोर्ट सड़क तक करीब 35 से 40 फुट ऊंचा डंगा लगना है इसमें अभी समय लगेगा। - कुसुम सदरेट, मेयर, नगर निगम

रिज से होकर गुजरा सीएम का काफिला
सर्कुलर रोड से हाईकोर्ट होते हुए मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय को जोड़ने वाली सड़क चार दिन से बंद होने के कारण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के काफिले को भी इन दिनों वैकल्पिक मार्गों से गुजारना पड़ रहा है। वीरवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे राज्यपाल के काफिले के पीछे मुख्यमंत्री का काफिला भी स्कैंडल प्वाइंट से होते हुए गुजरा। मुख्यमंत्री का काफिला सामान्य तौर पर स्कैंडल प्वाइंट होते हुए नहीं गुजरता।

केएनएच सड़क जाम, टिंबर हाउस बस स्टॉप बंद
हाईकोर्ट रोड बंद होने के कारण पूरा ट्रैफिक केएनएच सड़क पर डायवर्ट कर दिया है। केएनएच सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम की समस्या गहरा गई है। अस्पताल आने जाने वाली एंबुलेंस रोजाना यहां जाम में फंस रही है। जाम पर नियंत्रण पाना पुलिस के बस से बाहर हो गया है इसलिए पुलिस ने टिंबर हाउस बस स्टॉप ही बंद कर दिया है। बस स्टॉप पर पुलिस कर्मी तैनात कर हिमलैंड जाकर बसें रोकने के निर्देश दिए जा रहे है।

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें