न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Updated Mon, 15 Oct 2018 11:25 AM IST
बालूगंज पुलिस थाना के तहत धामी में दो युवकों को एक किलो 600 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दलीप कुमार (32) और उत्तम राम (25) कुल्लू जिला के आनी के रहने वाले है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है और सोमवार को इन दोनों युवकों को अदालत में पेश करेगी।
पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर धामी पुलिस चौकी को गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक गाड़ी में चरस की बड़ी खेप के साथ सुन्नी-तत्तापानी वाया थाची सड़क से घणाहट्टी की तरफ जा रहे हैं। इसके बाद धामी पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गई। इसी दौरान पुलिस ने घणाहट्टी क्षेत्र के निचली टिकरी सड़क पर नाका लगा दिया और गाड़ियों की गाड़ियों की तलाशी शुरू कर दी।
इसी बीच साढ़े चार बजे के करीब एक मोटरसाइकिल (एचपी34 बी-2710) पर सवार दो युवक निचली कैंची की तरफ से घणाहट्टी (देवगनगर) की तरफ से आ रहे थे। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार युवक ने हाथ में एक बैग पकड़ा था। पुलिस ने शक के आधार पर इन युवकों की तलाशी ली। इसमें एक किलो 600 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपियों ने चरस को दो पैकेटों में रखा था। डीएसपी पुलिस हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू की छानबीन कर रही है।