न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Wed, 03 Apr 2019 11:53 AM IST
शहरवासियों को अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों को बिल नंबर उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। लोग 0177-2650285 फोन नंबर पर कॉल कर अपना बिल नंबर जनरेट करवा सकते हैं। अभी शहरवासियों को टैक्स जमा करवाने से पहले बिल नंबर लेना अनिवार्य है। निगम प्रशासन के मुताबिक हर साल नया बिल नंबर जारी किया जाता है। यह नंबर सिर्फ निगम की कर शाखा जनरेट कर सकती है। यदि किसी व्यक्ति को घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा करवाना है तो वह कर शाखा में संपर्क कर अपना बिल नंबर जनरेट करवा सकता है। इसके बाद ऑनलाइन टैक्स का भुगतान हो जाएगा। भवन मालिक अपने पुराने बिल का आईडी, मोबाइल नंबर या नाम-पता बताकर बिल जनरेट करवा सकता है। कर सचिव सुरेश शर्मा का कहना है कि लोग सुबह दस से पांच बजे तक फोन कर अपना बिल नंबर पूछ सकते हैं।
पहले दो दिन में 600 ने जमा करवाया टैक्स
शहर के 600 लोगों ने पहले दो दिन में ही टैक्स जमा करवा दिया है। इनसे करीब 17 लाख रुपये टैक्स वसूला गया है। निगम ने इन्हें दस फीसदी छूट भी दी है। उन सभी को छूट दी जाएगी, जो बिल मिलने के 15 दिन के भीतर टैक्स भुगतान कर देंगे। नगर निगम ने करीब 1200 भवन मालिकों को टैक्स के बिल जारी कर दिए हैं। निगम सभी उपभोक्ताओं को घर पर बिल पहुंचाएगा। जिन्हें घर पर बिल नहीं मिलेंगे, वे फोन पर अपना बिल जनरेट करवा सकते हैं। टैक्स का भुगतान ऑनलाइन या निगम के रिज स्थित कैश काउंटर पर किया जा सकता है। शहर में साढ़े 28 हजार भवन मालिक हैं, जिनसे निगम प्रॉपर्टी टैक्स वसूलता है।