एचपीयू की प्रवेश परीक्षा शाखा ने एमडीएमएस आयुर्वेद और बीएएमएस आयुर्वेद के नए सत्र के लिए काउंसलिंग शेड्यूल जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने कहा कि तय शेड्यूल के मुताबिक 14 अक्तूबर से बीएएमएस आयुर्वेद की राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला की 60 सीटों को भरे जाने के लिए एचपीयू सभागार में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी, जबकि इसी कॉलेज की एमडी एमएस आयुर्वेद की 39 सीटों को भरने के लिए 17 अक्तूबर से राजकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर पीजी आयुर्वेद कॉलेज पपरोल में होगी।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि काउंसलिंग के लिए तय शेडयूल विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है। इसमें प्रवेश परीक्षा के प्राप्तांक के मुताबिक शेड्यूल तय किया गया है। इसके लिए पात्र छात्र तय तिथि को काउंसिलिंग की प्रक्रिया में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि एचपीयू इन दोनों डिग्री कोर्स के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर देगा। कॉलेज में बीएएमएस की कक्षाएं केंद्र से संबद्धता और अनुमति आने के बाद ही शुरू होगी।
इसलिए उसके बाद ही काउंसलिंग में अलॉट की सीटों के मुताबिक पात्र छात्रों को कोर्स में प्रवेश मिलेगा। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग के लिए लाए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध प्रोस्पेक्टस में उपलब्ध रहेगी, छात्रों को इसी के मुताबिक काउंसलिंग की प्रक्रिया में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा शाखा 0177-2833588, 2830891 से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।