रिपन में मोबाइल एंबुलेंस को दिखाई झंडी, हेल्पेज इंडिया संस्था के कार्यों को भी सराहा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कोरोना से निपटने के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल से शुक्रवार को शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मोबाइल एंबुलेंस को रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना महामारी से निपटने के लिए सजग है। कहा कि जिला शिमला में कोविड मरीजों की संख्या बढ़ने का मुख्य कारण लोगों का सामाजिक समारोह में अधिक संख्या में एकत्रित होना और त्योहारी सीजन में बाजार में बेफिक्र होकर घूमना है। समय-समय पर लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हेल्पेज इंडिया की तरफ से दीनदयाल अस्पताल को यह मोबाइल वैन लोगों की जांच के लिए दी है। संस्था ने मशोबरा कोविड केंद्र को कंबल भेंट करने के अलावा 10 हजार मेडिकल किट भी प्रदान की हैं। बताया कि हिम सुरक्षा अभियान पूरे प्रदेश में चल रहा है। इसके तहत लोगों की जांच की जाएगी और लोगों को जागरूक कर अस्पताल में जांच के लिए भेजा जा रहा है। इस अवसर पर हेल्पेज इंडिया के राज्य प्रमुख डॉ. राजेश मौजूद रहे।