न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Published by: शिमला ब्यूरो
Updated Sun, 12 May 2019 10:17 AM IST
थाना बालुगंज के तहत शनिवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई जबकि मां बेसुध हो गई। मां मधु शर्मा वर्तमान में बागी क्योंथल वार्ड से पंचायत समिति सदस्य हैं तथा पूर्व में रामपुर क्योंथल की प्रधान रह चुकी हैं। आशुतोष ने अभी 12वीं कक्षा पास की थी।
जानकारी के मुताबिक सुबह के वक्त आशुतोष शर्मा अपनी माता मधु शर्मा और पिता विनोद के साथ कूहल का पानी बदलने के लिए गए थे। इसी बीच जब मां और बेटा कूहल का पानी बदलने लगे तो उन्हें वहां लगी बाड़ से करंट लगा। इससे मां बेसुध हो गई और बेटा बुरी तरह झुलस गया तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता कुछ दूरी पर आगे काम कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद आशुतोष और मां मधु को गांव वालों की मदद से आईजीएमसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने आशुतोष को मृत घोषित कर दिया जबकि मां को उपचार के बाद छुट्टी दे दी।
आईजीएमसी में पोस्टमार्टम करने के बाद शनिवार को ही शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। थाना बालुगंज से मौके पर गई पुलिस टीम ने जायजा लिया और घटना की छानबीन की। पुलिस ने लापरवाही को लेकर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
थ्रेसर के लिए लगाया था बिजली तार
डीएसपी शिमला सिटी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि घटना सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच की है। मां और पिता तथा किशोर कूहल का पानी बदलने के लिए गए थे। थ्रेसर के लिए जोड़ी बिजली की तार तूफान के कारण गिरकर फसल के लगाई बाड़ पर गिर गई थी। पीड़ित परिवार जैसे ही वहां काम करने लगा तो युवक करंट की चपेट में आ गया। कहा कि पुलिस ने इस लापरवाही को लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 1