हमीरपुर के पुलिस थाना भोरंज के कैहरवीं गांव में एक शिक्षक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उड़ीसा का रहने वाला बृजेश प्रधान हमीरपुर के एक निजी कंप्यूटर संस्थान में शिक्षक था।
पुलिस के अनुसार बृजेश अपने दोस्त के घर गया था। वहीं, इसने बाथरूम में जाकर फंदा लगा लिया। घटना की सूचना मिलने के पश्चात पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
जानकारी के मुताबिक बृजेश मंगलवार को ही अपने दोस्त गोल्डी शर्मा के घर आया था। बुधवार सुबह करीब 6 बजे वह नहाने के लिए गया। मगर काफी देर तक वापस लौट कर नहीं आया।
रस्सी में लगा लिया फंदा
जब गोल्डी ने बाथरूम का दरवाजा खोला तो देखा कि बाथरूम की छत पर लगे गार्डर से बृजेश लटका पड़ा था। उसने गले में रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया था। गोल्डी बृजेश को उतार कर भोरंज अस्पताल ले आया।
यहां अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम को क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
बृजेश हमीरपुर में कमरा लेकर रह रहा था। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और छानबीन की जा रही है।